लवप्रीत के माता-पिता को देखते ही राहुल-प्रियंका ने गले लगाया, कहा- आपको न्याय मिलने तक नहीं खत्म होगा हमारा संघर्ष

 
 

लखीमपुर खीरी में हुई हिंसा में मारे गए 20 साल के किसान लवप्रीत के माता पिता को देखते ही राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने गले से लगा लिया। दोनों ने लवप्रीत के माता-पिता और दोनों बहनों से काफी देर बातचीत की और उन्हें ढांढस बांधा। राहुल प्रियंका ने उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी इस लड़ाई में कांग्रेस उनके साथ खड़ी है और आरोपियों को सजा दिलाकर ही मांगेंगे।

लवप्रीत के परिजनों से बात करते राहुल गांधी व अन्य कांग्रेस नेता

राहुल और प्रियंका के साथ गए कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल में पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, सांसद दीपेंद्र हुड्डा, केसी वेणुगोपाल, रणदीप सुरजेवाला भी मौजूद हैं।

कल बहराइच जा सकते हैं राहुल प्रियंका

सबसे पहले प्रतिनिधि मंडल बुधवार देर रात लखीमपुर खीरी के तिकुनिया गांव के पलिया के चौकाघाट स्थित लवप्रीत के घर पहुंचा। इसके बाद सभी निघासन में पत्रकार रमन कश्यप (30) के परिवार से मिलने पहुंचे। यहां रमन के परिजनों को ढांढस बांधकर कांग्रेस नेता धौरहरा के गांव रमनदीन पुरवा के नक्षत्र सिंह (65) के घर भी गए। खबर है कि गुरुवार यानी कल कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल बहाराइच में मृतक किसान दलजीत और गुरविंदर के परिवार से मिलने जा सकते हैं।

लवप्रीत के परिजनों से बात करते राहुल गांधी


प्रियंका ने कहा मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि जब तक इन परिवारों को न्याय नहीं मिलेगा मेरा संघर्ष नहीं रुकेगा। प्रशासन को जल्द से जल्द केंद्रीय मंत्री के बेटे आशीष मिश्रा को गिरफ्तार कर पीड़ित परिवार को न्याय देना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन लोगों के संघर्ष के आगे मेरा संघर्ष कुछ भी नहीं।

लवप्रीत के परिजनों से बात करती प्रियंका गांधी

बता दें कि राहुल गांधी सीतापुर होते हुए प्रियंका गांधी के साथ लखीमपुर पहुंचे हैं। प्रियंका गांधी को 36 घंटे हिरासत में रखने के बाद मंगलवार को गिरफ्तार करते हुए सीतापुर स्थित पीएसी के गेस्ट हाउस में बनी अस्थायी जेल में रखा गया था। बुधवार को ही उन्हें रिहा किया गया, जिसके बाद वे राहुल गांधी व कांग्रेस के प्रतिनिधि मंडल के साथ लखीमपुर खीरी पहुंची। खबर है कि सपा अध्य्क्ष अखिलेश यादव और बसपा नेता सतीश चंद्र मिश्र भी गुरुवार को लखीमपुर जाएंगे।

उधर कांग्रेस नेता सचिन पायलट और प्रमोद कृष्णम को पुलिस ने मुरादाबाद स्थित सर्किट हाउस में हिरासत में रखा है। दोनों नेता लखीमपुर जाने की कोशिश कर रहे थे।