हेमंत सोरेन तीसरी बार फिर बनेंगे झारखंड के मुख्यमंत्री, चंपई सोरेन ने मुख्यमंत्री पद से दिया इस्तीफा....

 झारखंड में एक बार फिर मुख्यमंत्री बदलेगा। चंपई सोरेन ने बुधवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद हेमंत सोरेन ने राजभवन पहुंचकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। वे तीसरी बार राज्य की कमान संभालेंगे।
 
झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन एक बार फिर राज्य के सीएम बनने जा रहे हैं। बुधवार को पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन के विधायकों ने सर्वसम्मति से हेमंत सोरेन को अपना नेता चुना।Read also:-UP : हाथरस हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों ने प्रशासन पर उठाए सवाल, मृतकों का ब्योरा आया सामने, यहां देखें पूरी लिस्ट

 

इसके बाद झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन रांची स्थित राजभवन पहुंचे। जहां उन्होंने राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन को अपना इस्तीफा सौंप दिया। हेमंत सोरेन की गिरफ्तारी के बाद 2 फरवरी को चंपई सोरेन ने झारखंड के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।

 

 

 

 

लोकसभा चुनाव के बाद राज्य में झामुमो नीत गठबंधन के विधायकों की संख्या घटकर 45 रह गई है, जिसमें झामुमो के 27, राजद का एक और कांग्रेस के 17 विधायक शामिल हैं। झामुमो के दो विधायक- नलिन सोरेन और जोबा माझी अब सांसद हैं, जबकि जामा विधायक सीता सोरेन ने भाजपा के टिकट पर आम चुनाव लड़ने के लिए इस्तीफा दे दिया था।

 

झामुमो ने बिशुनपुर विधायक चमरा लिंडा और बोरियो विधायक लोबिन हेंब्रम को पार्टी से निष्कासित कर दिया था, लेकिन उन्होंने अभी तक विधानसभा से इस्तीफा नहीं दिया है। इसी तरह, विधानसभा में भाजपा विधायकों की संख्या घटकर 24 रह गई है, क्योंकि इसके दो विधायक - ढुलू महतो (Bagmara) और मनीष जायसवाल (Hazaribagh) - लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं और अब सांसद हैं।

 

भारतीय जनता पार्टी ने मांडू के विधायक जयप्रकाशभाई पटेल को पार्टी से निष्कासित कर दिया है, जो चुनाव लड़ने के लिए कांग्रेस में शामिल हो गए थे। हालांकि, पटेल ने अभी तक विधानसभा से इस्तीफा नहीं दिया है। 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में वर्तमान में 76 सदस्य हैं।

 

हेमंत सोरेन को उनकी गिरफ्तारी के करीब पांच महीने बाद 28 जून को जेल से रिहा किया गया था, जब उच्च न्यायालय ने कथित भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उन्हें जमानत दे दी थी। उन्होंने 31 जनवरी को अपनी गिरफ्तारी से पहले मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। हेमंत पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के बेटे हैं।