वैक्सीन से डरा रहे सपाई : अखिलेश के बाद उनके विधायक का विवादित बयान, बोले- नपुंसक बना देगा कोरोना का टीका

 

एक तरफ देश कोरोना जैसे खतरनाक वायरस से जूझ रहा है। देश और दुनियाभर के वैज्ञानिक इसकी वैक्सीन (Corona Vaccine) बनाने में जुटे हैं, लेकिन हमारे देश के कुछ राजनेता आम लोगों के जीवन से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर भी राजनीति कर रहे हैं। लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए प्रोत्साहित करने की बजाय ये लोग ऐसी बयानबाजी कर रहे हैं जिससे डरकर लोग वैक्सीन से दूरी बना सकते हैं। इनमें एक हैं समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) और अब उनके बाद उन्ही की पार्टी के विधायक आशुतोष सिन्हा (Ashutosh Sinha) ने भी विवादित बयान दिया है।

सपा एमएलसी आशुतोष सिन्हा (Ashutosh Sinha) ने कहा कि, कोविड-19 की वैक्सीन में कुछ तो ऐसा है, जो लोगों को नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि लोग बाद में कह दें कि वैक्सीन जनसंख्या को कम करने के लिए दी गई है। कुछ भी हो सकता है। ये भी संभव है कि इस वैक्सीन को लगवाने के बाद लोग नपुंसक हो जाएं।

मिर्जापुर में कार्यकर्ताओं की बैठक में आशुतोष सिन्हा (Ashutosh Sinha) ने कहा, 'अगर अखिलेश यादव ने वैक्सीन ना लगवाने का ऐलान किया है तो इसमें गंभीरता जरूर होगी और उन्होंने तथ्य के आधार पर ही कहा होगा।'

इससे पहले शनिवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने कहा था, 'मैं अभी टीका नहीं लगवाने जा रहा हूं। मैं बीजेपी के टीके पर कैसे भरोसा कर सकता हूं।जब हमारी सरकार आएगी सभी को फ्री वैक्सीन लगवाएंगे।'