UP के शामली में जोरदार धमाका, 4 लोगों की मौत, 6 घायल; अचार की फैक्ट्री में अवैध रूप से बन रहे थे पटाखे

धमाके के बाद फैक्ट्री की बिल्डिंग धराशाई हुई। यहां 10 लोग मौजूद थे, जिसमें से 4 लोगों की मौत हो गई।

 

उत्तर प्रदेश के शामली जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां एक फैक्ट्री में धमाका होने से 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में 10 मजदूर काम कर रहे थे, जिनमें से 4 लोगों की मौत हो गई। डीएम जसजीत कौर, एसडीएम कैराना उद्भव त्रिपाठी और SSP अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर हैं। अधिकारियों का कहना है कि जिन मजदूरों की मौत हुई है, उनकी शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।

हादसा कैराना कोतवाली क्षेत्र के बाइपास के पास हुआ है। धमाके के बाद फैक्ट्री की बिल्डिंग धराशाई हुई। फैक्ट्री में अवैध रूप से पटाखे बनाने का काम हो रहा था। फैक्ट्री के मलबे से 4 लोगों के शव निकाले जा चुके हैं। कई और शव अभी भी मलबे में दबे होने की आशंका है। फैक्ट्री मालिक राशिद अभी फरार है। राशिद के पास पटाखा बनाने का लाइसेंस है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। ​​​​​

पानीपत का राशिद चला रहा है फैक्ट्री
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री पानीपत का रहने वाला राशिद चला रहा है। पहले यहां कैराना के इकबाल की जंगल में अचार बनाने की फैक्ट्री थी। यह कई सालों से बंद पड़ी थी। इकबाल ने करीब डेढ़ महीने पहले राशिद को फैक्ट्री लीज पर दी थी। राशिद करीब 15 दिन से इसमें अवैध रूप से पटाखे बनवाने लगा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाका हुआ तो फैक्ट्री भरभरा कर गिर गई।