इथेनोल से चलेगी ये कार, 28 सितंबर को टोयोटा की यह गाड़ी पेश करेंगे नितिन गडकरी

 

वायु प्रदूषण को कम करने के लिए एक तरह जहां इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर पेट्रोल और डीजल जैसे सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले ईंधनों की खपत भी कम करने की कोशिश की जा रही है। इसी प्रयास को आगे बढ़ाते हुए अब देश में इथेनॉल से चलने वाले फ्लेक्स-इंजन वाहनों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

देश की पहली फ़्लेक्स इंजन कार होगी

हाल ही में टोयोटा ने देश में बहुत जल्द अपनी पहली फ्लेक्स-इंजन कार को लाने का ऐलान किया है। टोयोटा की यह फ्लेक्स इंजन कार फ्लेक्स-फ्यूल यानी इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल पर चल सकेगी। यह कार केवल पेट्रोल या इथेनॉल से भी चलाई जा सकती है। केंद्रीय परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि यह कार भारत में 28 सितंबर, 2022 को पेश की जाएगी। गडकरी ने ऑटोमोबाइल कंपोनेंट निर्माता संगठन के दूसरे वार्षिक अधिवेशन में बोलते हुए यह जानकारी साझा की। 

read more. ये 10 इलेक्ट्रिक व्हीकल्स है रेंज और लूक में बेस्ट, चार्जिंग की परेशानी से भी मिलेगा छुटकारा

क्या है फ्लेक्स-फ्यूल कार?

फ्लेक्स-फ्यूल इंजन वाहनों को फ्लेक्स फ्यूल से चलने के लिए तैयार किया जाता है। ऐसे वाहन पूरी तरह इथेनॉल या फ्लेक्स-फ्यूल (पेट्रोल और इथेनॉल का मिश्रण) से चल सकते हैं। इथेनॉल से चलने के कारण ऐसे वाहन हानिकारक गैसों का उत्सर्जन कम करते हैं और पर्यावरण को भी कम नुकसान पहुंचाते हैं। केंद्र सरकार फ्लेक्स-फ्यूल इंजन पॉलिसी तैयार कर रही है जिसे जल्द ही पेश किया जा सकता है। इस नीति के लागू होने के बाद देश में वाहनों कंपनियों के लिए फ्लेक्स-इंजन वाहन का निर्माण करना अनिवार्य होगा।