मेरठ में सपाइयों का जोरदार हंगामा, शहर विधायक रफीक अंसारी और पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर समेत कई सपा नेता अरेस्ट

 मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मेरठ के कमिश्नरी पहुंचे और लखीमपुर खीरी में रविवार को हुई हिंसा को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

 
Meerut Political News: लखीमपुर खीरी (Lakhimpur Kheri live updates) की हिंसक घटना को लेकर समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कमिश्नरी चौराहे पर जमकर हंगामा करते हुए नारेबाजी की। कार्यकर्ता कमिश्नरी ऑफिस के सामने सड़क पर बैठ गए और रास्ता जाम कर दिया। सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश की भाजपा (BJP) सरकार को बर्खास्त करने की मांग की। उधर किसी अप्रिय घटना के खतरे को देखते हुए पुलिस ने समाजवादी पार्टी के शहर विधायक रफीक अंसारी, पूर्व कैबिनेट मंत्री शाहिद मंजूर और सपा जिलाध्यक्ष राजपाल सिंह समेत कई सपा नेताओं को हिरासत में ले लिया है।

 

सपाई बोले- मुख्यमंत्री दें इस्तीफा

अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) के निर्देश पर सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता कमिश्नरी पहुंचे और लखीमपुर खीरी में रविवार को हुई हिंसा को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। उन्होंने सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सपा कार्यकर्ताओं ने लखीमपुर खीरी की घटना के दोषियों को फांसी देने की मांग की। साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का इस्तीफा मांगते हुए सरकार को बर्खास्त करने की मांग की गई। Read Also : UP: हालात बिगड़े, केंद्र सरकार ने यूपी में भेजी फोर्स; प्रियंका-अखिलेश-शिवपाल समेत कई बड़े नेता अरेस्ट

 

सपा नेताओं ने कहा कि लखीमपुर हिंसा के प्रत्येक मृतक के परिवार को दो करोड़ की आर्थिक मदद व सरकारी नौकरी दी जाए। गृह राज्य मंत्री और उपमुख्यमंत्री भी इस्तीफ़ा दें और दोषियों को 302 के तहत तत्काल जेल भेजा जाए। धरना प्रदर्शन में शामिल सपा नेताओं को पुलिस शांति रखने और सड़क खाली करने के लिए समझा रही थी, लेकिन कार्यकर्ता अपनी जिद पर अड़े रहे। कार्यकर्ताओं का कहना था कि बेशक उन्हें गिरफ्तार कर लो, लेकिन वे नहीं उठेंगे। 

 

इन नेताओं को लिया हिरासत में

इस पर पुलिस ने बड़ी संख्या में प्रदर्शन कर रहे सपा नेताओं को गिरफ्तार कर लिया। जिन सपा नेताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है उनमें सपा जिलाध्यक्ष चौधरी राजपाल सिंह, पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर, शहर विधायक रफीक अंसारी, जिला पंचायत सदस्य सम्राट मलिक, नवाजिश शाहिद, नेहा गौड़, वसी, महानगर अध्यक्ष आदिल सिद्दीकी और कई सपा नेता शामिल हैं।