मेरठ : कांग्रेसियों ने घेरा कलेक्ट्रेट, 88 गिरफ्तार; धरना स्थल पर ही BJP नेता ने ज्वाइन की Congress

मेरठ में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि योगी सरकार सत्ता के नशे में इतनी चूर हो गई है कि उन्हें प्रदेश में किसानों और महिलाओं पर हो रहे अत्याचार नजर ही नहीं आ रहे हैं।

 
मेरठ जिला व शहर कांग्रेस के पदाधिकारियों ने भी कलेक्ट्रेट पर जबरदस्त हंगामा किया। जिलाध्यक्ष अवनीश काजला और महानगर अध्यक्ष जाहिद अंसारी के नेतृत्व में कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और नारेबाजी शुरू कर दी। किसानों की हत्या और प्रियंका गांधी की गिरफ्तारी को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त नाराजगी थी। इस दौरान कार्यकर्ता योगी सरकार होश में आओ, किसानों की हत्यारी योगी सरकार इस्तीफा दो जैसे नारे लगा रहे थे।

 

अवनीश काजला ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ओछी मानसिकता का परिचय देते हुए पहले तो प्रियंका गांधी को गिरफ्तार कर लिया इसके बाद उन्हें ऐसी जगह रखा जहां धूल और गंदगी थी। जाहिद अंसारी ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मांग है कि लखीमपुर खीरी हिंसा के आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी हो और योगी आदित्यनाथ इस्तीफा दें। कांग्रेसियों ने मारे गए किसानों के परिवार को दो-दो करोड़ रुपये मुआवजा देने की भी मांग की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि योगी सरकार सत्ता के नशे में इतनी चूर हो गई है कि उन्हें प्रदेश में किसानों और महिलाओं पर हो रहे अत्याचार नजर ही नहीं आ रहे हैं।

 

इस दौरान सीओ कोतवाली और सिटी मजिस्ट्रेट ने कांग्रेस नेताओं को उठाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं उठे और मांगे पूरी होने तक धरने पर बैठे रहने की जिद पर अड़े रहे। जब कांग्रेस नेता नहीं माने तो पुलिस ने उनको हिरासत में ले लिया। कांग्रेस के जिला प्रवक्ता हरिकिशन आंबेडकर ने बताया कि पुलिस द्वारा की गई जबरदस्ती में उनके साथ ही मनजीत सिंह कोछड़, राकेश कुशवा व दर्जनों कार्याकर्ताओं को चोट आई है। इस दौरान 88 कांग्रेस नेताओं ने गिरफ्तारी दी, जिन्हें हिरासत में लेकर पुलिस ने पुलिस लाइन भिजवा दिया।

 

धरना स्थल पर ही भाजपा नेता ने ज्वाइन की कांग्रेस

लखीमपुर खीरी हिंसा से भाजपा में टूट भी पड़ती नजर आ रही है। हिंसा से नाराज भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा माछरा मंडल के अध्यक्ष शरद त्यागी ने कलेक्ट्रेट परिसर में ही भाजपा छोड़कर कांग्रेस से जुड़ने का एलान किया। जिलाध्यक्ष अवनीश काजला ने धरना स्थल पर ही उन्हें पार्टी की सदस्याता ग्रहण कराई और पटका पहनाकर उनका स्वागत किया। Read Also : मेरठ में सपाइयों का जोरदार हंगामा, शहर विधायक रफीक अंसारी और पूर्व मंत्री शाहिद मंजूर समेत कई सपा नेता अरेस्ट

 

प्रदर्शन करने वालो में जिला प्रवक्ता हरिकिशन अम्बेडकर, महानगर प्रवक्ता अखिल कौशिक, सलीम खान, जगदीश शर्मा, डॉ जफर ऊला, धूम सिंह, आशा राम, डॉ ओपी शर्मा, नगर निगम उपाध्यक्ष रंजन शर्मा, अनिल शर्मा, मनजीत सिंह कोछड़ ,संजय कटारिया, रविन्द्र सिंह, रोबिन नाथ गोलू, कामेश्वर रत्न, नफीस सैफी, बबिता गुर्जर, लज्जावती कर्दम, राहिला बेगम, किरन बाला, एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष रोहित राणा, केडी शर्मा, योगंश राणा, दुष्यंत सागर, अरविन्द तालियांन, हर्ष ढाका, नईम राणा, महेन्द्र गुर्जर, मनोज कुराली, डॉ आदेश शर्मा, पीयूष रस्तोगी, विनोद सोनकर, अहमद उल्ल, कपिल जैन, इरशाद पूठी, रघु प्रताप सिंह मौजूद रहे।