Archana Gautam Congress Candidate मेरठ में कांग्रेस ने फिर खेला बॉलीवुड कार्ड, हस्तिनापुर सीट से अभिनेत्री अर्चना गौतम को दिया टिकट

 Congress Candidate list For UP Election: उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 125 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। खास बात यह है कि इस सूची में 50 महिलाएं हैं।

 
 

Congress Candidate list For UP Election: उत्तरप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 125 प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी है। खास बात यह है कि इस सूची में 50 महिलाएं हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि जिन महिलाओं को टिकट दिए गए हैं उनमें कुछ पत्रकार हैं, कुछ अभिनेत्री हैं। इसके अलावा उन महिलाओं के नाम भी शामिल हैं जिन्होंने संघर्ष किया है या अत्याचार सहे हैं।

मेरठ में हस्तिनापुर विधानसभा सीट से कांग्रेस ने अभिनेत्री अर्चना गौतम (Archana Gautam Congress) को टिकट मिला है। अर्चना दक्षिण भारतीय फिल्मों के साथ ही बॉलीवुड की भी कई फिल्मों में नजर आ चुकी हैं। इससे पहले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने अभिनेत्री नगमा को टिकट दिया था, लेकिन बुरी तरह हार गई थी। अब अर्चना पर दांव लगाकर कांग्रेस एक बार फिर उसी पैर्टन पर चल रही है।

26 साल की हैं अर्चना

1 सितंबर 1995 को उत्तर प्रदेश के मेरठ में पैदा हुईं अर्चना गौतम ने मेरठ के IIMT से पत्रकारिता की पढ़ाई की, इसके बाद कुछ दिन नौकरी करने के बाद वे मॉडलिंग और एक्टिंग की दुनिया में चली गईं। साल 2014 में अर्चना गौतम ने मिस उत्तर प्रदेश का खिताब जीता था। चार साल बाद 2018 में अर्चना गौतम ने मिस बिकिनी इंडिया, मिस कुओमो इंडिया, मिस टैलेंज जैसी प्रतियोगिताओं को भी जीता। इसके बाद अर्चना मुंबई में ही शिफ्ट हो गईं। यहां संघर्ष के बाद उन्होंने एक अच्छा मुकाम हासिल कर लिया।

2015 में किया था बॉलीवुड डेब्यू

अर्चना गौतम ने 2015 में ग्रेट ग्रैंड मस्ती फिल्म से डेब्यू किया था। इसके बाद ने हसीना पार्कर, जंक्शन वाराणसी और बरोटा कंपनी जैसी फिल्मों में भी एक्टिंग के जलवे दिखाए। वहीं निशा और उसके कजन्स समेत कई टीवी सीरियल में भी वे नजर आ चुकी हैं। अर्चना ने कई म्यूजिक वीडियोज में भी काम किया है। फिलहाल साउथ इंडस्ट्री के कई बड़े प्रोजेक्ट में अर्चना व्यस्त हैं।

कांग्रेस से हो गईं थीं नाराज

बता दें कि अर्चना ने नवंबर 2021 में ही कांग्रेस पार्टी ज्वाइन की थी। छत्तीसगढ़ के चीफ मिनिस्टर भूपेश बघेल ने उन्हें बुलाकर पार्टी की सदस्यता दिलाई थी। इससे वे लखनऊ के कांग्रेस कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने वाली थीं, लेकिन वहां  सम्मान न मिलने से नाराज हो गई थीं। इसके बाद, पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी के दखल के बाद अगले दिन उन्हें छत्तीसगढ़ में पार्टी की सदस्यता दिलाई गई।