लखनऊ : खाना बनाते समय सिलेंडर में विस्फोट से दो मंजिला मकान हुआ जमींदोज; मासूम समेत चार की हालत गंभीर

 उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक घर में गैस सिलेंडर फट गया। विस्फोट से मकान ढह गया। बचाव दल मौके पर पहुंच गया है।  घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 
 
चौक फायर स्टेशन पर सूचना मिली कि थाना चौक अंतर्गत शिया पीजी कॉलेज के पास वाली गली में एक मकान गिर गया है। तत्काल कार्रवाई करते हुए चौक फायर स्टेशन से दो टेंडर मौके पर भेजे गए। मौके पर पहुंच कर देखा गया कि सिलेंडर फटने से गुलाब कश्यप का घर ढह गया है।  इसमें चार लोग घायल हो गये। घायलों को स्थानीय पुलिस की मदद से उचित इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। READ ALSO:-

 

लोगों ने बताया कि पिंकी पत्नी सुरेश कश्यप खाना बना रही थी। पाइप ढीला होने के कारण सिलेंडर में आग लग गयी और सिलेंडर फट गया। सिलेंडर फटने से हुआ विस्फोट इतना जोरदार था कि दो मंजिला इमारत जमींदोज हो गई और चार लोग घायल हो गए। 

 


घायलों का विवरण
  • राजकुमार कश्यप पुत्र रामलाल कश्यप उम्र लगभग 52 वर्ष
  • पिंकी पत्नी सुरेश कश्यप उम्र करीब 38 साल
  • विदिशा पुत्री सुभाष कश्यप उम्र लगभग 1 वर्ष
  • जगदीश पुत्र शालिग्राम कश्यप उम्र लगभग 70 वर्ष

 

मकान के मलबे में दबकर गुलाब के परिवार के राजकुमार, पिंकी, विदिशा और जगदीश गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पहुंचे फायर ब्रिगेड कर्मियों और चौक पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बचाया और ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां चारों का इलाज चल रहा है। चारों की हालत गंभीर बनी हुई है।