UP : दिनदहाड़े बाजार में स्टैंड संचालक की हत्या, तौलिये में छुपाई रिवॉल्वर, कनपटी पर मारी गोली, CCTV में भागता नजर आया आरोपी

उत्तर प्रदेश के कानपुर में दिनदहाड़े एक शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या की वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में देखा जा सकता है कि आरोपी तौलिए में हथियार छिपाकर आता है और फिर हत्या करने के बाद हत्यारा आराम से चला जाता है।
 
उत्तर प्रदेश के कानपुर में शुक्रवार सुबह 9.15 बजे एक टेंपो स्टैंड संचालक की भीड़ भरे बाजार में गोली मारकर हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस हत्या का वीडियो सामने आया है। हत्या करने वाले शख्स में न तो कानून का डर दिखा और न ही वहां मौजूद लोगों का। वह इत्मीनान से टहलता हुआ पहुंचा और नजदीक से गोली मार दी। इसके बाद हत्या का आरोपी तमंचा लहराता हुआ भाग निकला। इस घटना के बाद वहां मौजूद लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। घटना नौबस्ता बाईपास चौराहे पर हुई। उस्मानपुर चौकी से चंद कदम की दूरी पर हत्या की गई।READ ALSO:-दिल्ली एयरपोर्ट पर बीड़ी से धुंआ उड़ाते दिखे ताऊ, वायरल हुए Video में ये किया जा रहा दावा

 

कहां है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि घटना नौबस्ता थाना क्षेत्र के नौबस्ता चौराहे पर हुई। उस्मानपुर पुलिस चौकी से चंद कदम की दूरी पर दिनदहाड़े एक शख्स ने टेंपो स्टैंड संचालक की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया गया कि मारा गया शख्स स्टैंड संचालक था। आसपास कई रिक्शा चालक भी मौजूद थे लेकिन फायरिंग होते ही सभी अपनी जान बचाकर भाग निकले।

 

हत्या का आरोप वैन चालक के भाई पर लगा है, जिसका स्टैंड संचालक से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि स्टैंड पर कब्जे को लेकर विवाद था और इसी विवाद के चलते हत्या हुई है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में दहशत है। दावा किया जा रहा है कि हत्या के वक्त पुलिसकर्मी चौराहे पर खड़े थे। इसके बावजूद वह फरार हो गया।

 

 

वहीं डीसीपी साउथ रविंद्र कुमार ने बताया है कि मृतक की पहचान हरिकरन सिंह (55 साल) के रूप में हुई है। वह स्टूल पर बैठा था, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसे गोली मार दी। गोली लगने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। परिजन पहुंच रहे हैं, जो भी तहरीर देंगे, उस पर कार्रवाई की जाएगी।