UP : ग्रेटर नोएडा में महिला के साथ हैवानियत, 'बाल काटे...पेशाब पिलाया...'जादू-टोने के शक में मानवता हुई शर्मसार

 उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां जादू-टोना करने के शक में एक महिला की पिटाई की गई और उसे जबरन पेशाब पिलाई गई।
 
दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा से हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां के सूरजपुर इलाके में एक परिवार ने जादू-टोना करने के शक में एक महिला की पिटाई की, उसके बाल काट दिए और उसे पेशाब पिलाया। पीड़ित महिला ने बताया कि आरोपियों ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया। पीड़िता ने मामले की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी ठेकेदार, उसकी पत्नी और बेटी को गिरफ्तार कर लिया है।READ ALSO:-UP : संजीव बालियान ने अमित शाह को पत्र लिख कर की अपने ऊपर लगे आरोपों की CBI से जांच करवाने की मांग

 

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, बिहार के पूर्णिया की रहने वाली मजदूर महिला खेड़ी गांव में किराए के मकान में रहती है। महिला के घर के पास ही ठेकेदार का काम करने वाला ननुवा अपने परिवार के साथ पड़ोस में रहता है। ठेकेदार की एक बेटी अक्सर बीमार रहती है। ऐसे में ठेकेदार और उसकी पत्नी को शक था कि पड़ोस में रहने वाली महिला जादू-टोना करती है। इसके चलते उनकी बेटी की तबीयत खराब रहती है।

 

ठेकेदार-पत्नी और बेटी गिरफ्तार
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि इसी शक में ठेकेदार के परिवार ने उसके साथ मारपीट की। परिवार के लोगों ने महिला को घर में बंद कर बुरी तरह पीटा। उन्होंने उसके बाल काट दिए और जबरन पेशाब पिलाया। इस दौरान आरोपियों ने इस घटना का वीडियो भी बना लिया। इसके बाद किसी तरह महिला आरोपियों के चंगुल से छूटकर पुलिस के पास पहुंची।

 

नहीं मिला वीडियो
सूरजपुर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि महिला की शिकायत पर आरोपी ठेकेदार ननुवा, उसकी पत्नी पिंकी और बेटी प्रीति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। इतना ही नहीं पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पीड़िता जिस वीडियो का जिक्र कर रही है, वह कहीं नहीं मिला। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।