मेरठ: चलती कार में पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन से करते थे गर्भवती महिला के भ्रूण लिंग की जांच, गिरोह के तीन शातिर गिरफ्तार 

मेरठ में चलती लग्जरी कार में भ्रूण परीक्षण करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। हरियाणा के सोनीपत की टीम ने इस गिरोह को पकड़ा है।  आरोपी चलती कार में गर्भवती महिला को बैठाकर पोर्टेबल मशीन की मदद से भ्रूण के लिंग की जांच करते थे। मशीन कार में ही फिट थी। पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। 
 
हरियाणा के सोनीपत जिले की PNDT टीम ने उत्तर प्रदेश के मेरठ में छापेमारी कर तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी भ्रूण लिंग जांच गिरोह से जुड़े हैं, जो शातिराना अंदाज में वारदात को अंजाम देते थे। इन लोगों ने कार में ही पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन लगा रखी थी। वे गर्भवती महिला को कार में बैठाकर सुनसान जगह पर ले जाते थे। वहां भ्रूण लिंग जांच की जाती थी। हरियाणा में लगातार घटते लिंगानुपात को लेकर पीएनडीटी (PNDT) विभाग सख्त कदम उठा रहा है। सोनीपत की पीएनडीटी (PNDT) टीम को मेरठ में लिंग परीक्षण गिरोह के बारे में पता चला था। जिसके बाद इस गिरोह के लिए जाल बिछाया गया। 

 

मुख्य आरोपी सोनीपत का रहने वाला है
मुख्य आरोपी शौकीन सोनीपत का रहने वाला है, जो अपने साथियों के साथ मिलकर ये काम किया करता था। उन्होंने टेस्टिंग के लिए कार में ही मशीन फिट करवा ली थी। सोनीपत की टीम ने सबसे पहले एक गर्भवती महिला को उनके पास भेजा। जिसे शौकीन पहले तो बागपत ले गया।

 

यहां शौकीन ने महिला को शक्ति नाम के युवक से मिलवाया। जो मेडिकल स्टोर चलाता है। दोनों महिला को वापस मेरठ ले आए। यहां असलम और शाहनवाज नाम के युवक कार लेकर पहुंचे। इन युवकों ने महिला को बैठाया और एक सुनसान जगह पर ले गए। 

 

हैरानी की बात यह है कि महिला का अल्ट्रासाउंड कार में ही किया गया। इसी बीच महिला ने टीम को सूचना दे दी। जिसके बाद छापेमारी कर शौकीन, शक्ति और शाहनवाज को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी असलम मौका देखकर भाग गया। टीम ने आरोपी के बारे में मेरठ पुलिस और यूपी स्वास्थ्य विभाग को भी जानकारी दे दी है। सभी टीमें आरोपियों से पूछताछ कर रही हैं। ये लोग उत्तर प्रदेश के शहरों में ग्राहकों की तलाश में घूमते रहते थे।