मेरठ : परतापुर में कार की टक्कर से ई-रिक्शे से बाहर गिरा बच्चा, दूसरे वाहन ने उसे कुचल दिया
दिल्ली रोड पर दीपक होटल के सामने चालक ई-रिक्शा को सड़क के दूसरी ओर ले जा रहा था। तभी तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर से आठ साल का अंकुर बाहर सड़क पर जाकर गिरा। उसी बीच पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने अंकुश को कुचल दिया।
Dec 3, 2024, 19:29 IST
|

मेरठ। जिला मेरठ में दिल्ली रोड मोहद्दीनपुर में तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा मे टक्कर मार दी। ई-रिक्शे में मां के साथ बैठा आठ साल का अंकुश बाहर जाकर गिरा। इसी दौरान पीछे से आए वाहन ने उसे कुचल दिया। अस्पताल में डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, ई-रिक्शा भी पलटने से मां और चालक भी घायल हो गए। घटना के बाद टक्कर मारने वाला कार चालक फरार हो गया।
घटना परतापुर थाना क्षेत्र की है। मोहद्दीनपुर निवासी प्रदीप की फर्नीचर की दुकान है। उसकी पत्नी पूजा मंगलवार दोपहर को आठ साल के बेटे अंकुश के साथ मोदीनगर क्षेत्र के सिकरी स्थित मायके से ई-रिक्शे से लौट रही थी। बताया जा रहा है कि दिल्ली रोड पर दीपक होटल के सामने चालक ई-रिक्शा को सड़क के दूसरी ओर ले जा रहा था। तभी तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा में टक्कर मार दी। टक्कर से आठ साल का अंकुर बाहर सड़क पर जाकर गिरा। उसी बीच पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने अंकुश को कुचल दिया। वहीं, टक्कर से ई-रिक्शा भी कुछ कदम दूरी पर पलट गया। आसपास के लोग बच्चे को एनएच-58 स्थित सुभारती अस्पताल लेकर गए। जहां डॉक्टर ने अंकुश को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल पूजा को भी लोग अस्पताल लेकर गए। घटना की जानकारी पर परतापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस फुटेज के आधार पर कार चालक के बारे में पता करने की कोशिश में लगी है।
पहली कक्षा का छात्र था अंकुश
जानकारी के अनुसार अंकुश मोहद्दीनपुर स्थित एक निजी स्कूल में पहली कक्षा में पढ़ता था। परिवार में छोटी बहन वामिका है। घटना की जानकारी से घर में कोहराम मच गया।