अमेरिका के 46वें राष्ट्रपति जो बाइडेन ने ली शपथ, पहली महिला उप राष्ट्रपति कमला हैरिस ने भी संभाला पद

 | 

Oath Ceremony: जो बाइडेन  (Joe Biden) ने बुधवार को अमेरिका के 46 वें राष्ट्रपति के तौर पर शपथ ली। डेमोक्रेटिक नेता 78 साल के बाइडेन अमेरिका के अब तक के सबसे ज्यादा उम्र के राष्ट्रपति बने हैं। प्रधान न्यायाधीश जॉन रॉबर्ट्स ने कैपिटल बिल्डिंग के ‘वेस्ट फ्रंट' में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलायी।

बाइडेन से पहले कमला हैरिस (Kamala Harris)  ने उपराष्ट्रपति पद की शपथ ली। वह देश की 49वीं उपराष्ट्रपति हैं, उन्‍हें अमेरिका की पहली महिला उप राष्‍ट्रपति बनने का गौरव भी हासिल हुआ है। अमेरिका के नए राष्ट्रपति जो बाइडेन ने शपथ लेने के बाद कहा कि "हम अमेरिका को एकजुट करेंगे। यह लोकतंत्र का दिन है, यह अमेरिका का दिन है। यह उम्मीद, दोबारा खड़े होने और हर चुनौती से निपटने का दिन है।"बाइडेन ने कहा कि "अमेरिका में हर व्यक्ति की आवाज सुनी जाएगी। अमेरिका विभाजनकारी, धार्मिक भेदभाव, नस्लवाद को खारिज कर अपना एकजुट चेहरा पेश करेगा।" Read Also : अमेरिका में राष्ट्रपति के शपथ ग्रहण समारोह को Inauguration Day कहा जाता है, जानिए क्यों?

बाइडेन ने अपने संबोधन में कहा, ‘‘जनता की इच्छाओं को सुना और समझा गया है। श्वेतों को श्रेष्ठ मानने की मानसिकता, घरेलू आतंकवाद को हराएंगे। मैं चाहता हूं कि हर अमेरिकी हमारी इस लड़ाई में शामिल हो। इस बार शपथ ग्रहण समारोह का आकार कोरोना वायरस महामारी और सुरक्षा खतरों के मद्देनजर छोटा किया गया था। समारोह में कई सेलिब्रिटी शामिल हुए। समारोह में शामिल होने वालों की सूची में लेडी गागा, जेनिफर लोपेज और गार्थ ब्रुक्स, ब्रूस स्प्रिंगस्टीन, लॉन लिजेंड, डेमी लोवाटो, फू फाइटर, जस्टिन टिम्बरलेक और बोन जोवी शामिल रहे।

बाइडेन ने निवर्तमान राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप (Donald Trump) के राष्‍ट्रपति के तौर पर कार्यकाल खत्‍म होने के बाद व्‍हाइट हाउस छोड़ने के बाद ट्वीट लिखा, ''यह अमेरिका के लिए नया दिन है।''

बाइडेन शपथ लेने के बाद पेरिस जलवायु समझौते (Paris climate accord) और विश्‍व स्‍वास्‍थ्‍य संगठन (WHO) से अमेरिका को फिर से जोड़ेंगे। बाइडेन शपथ लेने के बाद 17 आदेशों पर हस्‍ताक्षर करेंगे, वे निवर्तमान राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप के मुकाबले आव्रजन,  पर्यावरण, कोविड-19 के खिलाफ जंग और अर्थव्‍यवस्‍था से जुड़े मुद्दों पर अलग राह अख्तियार करेंगे।

कमला हैरिस का भावुक संदेश

शपथ ग्रहण से कुछ घंटे पहले अमेरिका की वाइस प्रेसिडेंट कमला हैरिस ने भावुक मैसेज किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए अपनी मां को याद किया। उन्होंने अपनी मां की तस्वीरें शेयर कीं और लिखा कि उन्हीं की वजह से आज ये मुकाम हासिल हुआ है।

यूएस की पहली भारतवंशी वाइस प्रेसिडेंट हैरिस ने लिखा कि ये पोस्ट उस महिला के लिए जो आज यहां मेरी मौजूदगी के लिए सबसे ज्यादा जिम्मेदार है। मेरी मां श्यामला गोपालन हैरिस, जो हमेशा हमारे दिलों में रहेंगी। जब वे भारत से 19 साल की उम्र में यहां आई थीं तो उन्होंने शायद आज के हालात की कल्पना भी नहीं की होगी।

मां का अमेरिका में गहरा विश्वास था

हैरिस ने कहा कि मां का अमेरिका में गहरा विश्वास था। इसीलिए मैं उनके बारे में सोच रही हूं। महिलाओं की पीढ़ियों के बारे में, ब्लैक महिलाओं के बारे में, एशियन महिलाओं के बारे में, श्वेत, लैटिन, अमेरिकी महिलाओं के बारे में, जिन्होंने इस देश में शुरू से ही आज के इस मौके के लिए रास्ता बनाया है। इन महिलाओं ने आजादी, न्याय और सभी के लिए बराबरी के लिए लड़ाई लड़ी, बलिदान दिए।

इनमें वो ब्लैक महिलाएं भी शामिल हैं, जिन्हें अक्सर नजरअंदाज कर दिया गया। उन्होंने ये साबित किया कि वो इस देश की रीढ़ हैं। इन सभी महिलाओं ने वोट देने के अधिकार की एक सदी से ज्यादा समय तक रक्षा की और आज भी अपने मौलिक अधिकारों के लिए लड़ रही हैं। वो लड़ रही हैं ताकि वोट कर सकें और उन्हें सुना जाए। मैं उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी हूं।

देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें अब पाएं अपने WHATSAPP पर, क्लिक करें। Khabreelal के Facebookपेज से जुड़ें, Twitter पर फॉलो करें। इसके साथ ही आप खबरीलाल को Google News पर भी फॉलो कर अपडेट प्राप्त कर सकते है। हमारे Telegram चैनल को ज्वाइन कर भी आप खबरें अपने मोबाइल में प्राप्त कर सकते है।