देश में कोरोना एक बार फिर जोर पकड़ रहा है। देश के 91 जिलों में कोरोना के नए मरीज मिलने की रफ्तार तेजी से बढ़ी है। इनमें 34 जिले महाराष्ट्र के ही हैं। इसके अलावा कर्नाटक के 16, हरियाणा, पंजाब, छत्तीसगढ़, गुजरात और बिहार के 4-4, जबकि केरल के दो जिले शामिल हैं। इन राज्यों में संक्रमण की दूसरी लहर को देखते हुए उत्तर प्रदेश में भी अलर्ट जारी हो गया। प्रदेश सरकार ने इसको लेकर दिशा निर्देश जारी करते हुए बाहर से आने वाले लोगों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
होली के त्योहार को देखते हुए योगी सरकार ने अफसरों को सख्ती बरतने और लोगों से हर हाल में कोविड 19 प्रोटोकॉल का पालन करवाने की बात कही है। इसके अलावा महाराष्ट्र, केरल, मध्यप्रदेश एवं छत्तीसगढ़ आदि राज्यों से आने वालों का ब्यौरा अपड़ेट रखने को कहा है। वहीं बड़े शहरों से यूपी आने वाले लोगों को सेल्फ क्वारंटीन कराने की बात भी कही है। वहीं हवाई और रेल मार्ग के जरिये यूपी आने वाले लोगों के लिए भी प्रदेश सरकार जल्द निर्देश जारी करेगी।
फिर डरा रहा कोरोना, 5 जिलों में लगा लॉकडाउन, अन्य जगहों पर भी पाबंदियों का दौर शुरू
दरअसल बीते कुछ दिनों से प्रदेश में लोगों ने मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना बंद कर दिया है। बाजारों में जबरदस्त भीड़ लगी रहती है, एक्का दुक्का लोगों को छोड़कर कोई भी मास्क में नजर नहीं आता है। पुलिस प्रशासन ने भी नियमों का पालन न करने वाले लोगों पर कार्रवाई करनी बंद कर दी है। ऐसे में एक बार फिर संक्रमण तेजी से फैलने का डर बना हुआ है। इसको देखते हुए योगी सरकार ने अलर्ट जारी कर नियमों का पालन करवाने के निर्देश दिए हैं।
AIIMS डायरेक्टर ने कहा- महाराष्ट्र, केरल, पंजाब में कोरोना का नया स्ट्रेन आ चुका, इसलिए बेवजह यात्रा न करें
कोरोना के मामलों में कमी आने से लोग बेपरवाह न हों। यह हिदायत दिल्ली AIIMS के डायरेक्टर डॉ. रणदीप गुलेरिया ने दी है। जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में रविवार शाम ‘इंडियाज फाइट अगेंस्ट द कोविड’ सेशन में उन्होंने कहा कि बेवजह यात्रा करने की भूल न करें, क्योंकि नया स्ट्रेन महाराष्ट्र, केरल और पंजाब में आ चुका है। यह फेस्टिवल वर्चुअली चल रहा है।
एंटीबॉडी बहुत पॉवरफुल नहीं है
डॉ. गुलेरिया ने कहा, ‘कोरोना खत्म नहीं हुआ है। वैक्सीन के बाद कुछ बचा सकता है तो एहतियात। मास्क तो है ही, लेकिन स्वच्छता, सोशल डिस्टेंसिंग, आइसोलेशन जैसी आदतों को जारी रखना होगा। ब्राजील में 70% लोग कोरोना से सुरक्षित हो गए थे, लेकिन उन्हें यह बीमारी फिर हो रही है। दरअसल जो एंटीबॉडी बनी, वह बहुत पॉवरफुल नहीं है।
एक दिन में 4,468 एक्टिव केस बढ़े
रविवार को देश में 14,278 नए मरीज मिले। 9,715 ठीक हुए, जबकि 83 की मौत हो गई। रविवार को 4,468 एक्टिव केस बढ़े, जो पिछले 87 दिनों में सबसे ज्यादा हैं। इससे पहले 25 नवंबर को 7,234 एक्टिव केस बढ़े थे। एक्टिव केस यानी जिन मरीजों का इलाज चल रहा है। देश में अब तक 1 करोड़ 10 लाख से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 6 लाख 97 हजार लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1 लाख 56 हजार 422 मरीजों की मौत हो गई। अभी 1 लाख 47 हजार 156 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
6 राज्यों का हाल
1. महाराष्ट्र
राज्य में रविवार को 6,971 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 2,417 मरीज ठीक हुए और 35 की मौत हो गई। अब तक 21 लाख 884 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं, इनमें 19 लाख 94 हजार 997 लोग ठीक हो चुके हैं। 51 हजार 788 ने इस महामारी से जान गंवाई है। 52 हजार 956 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
2. केरल
राज्य में रविवार को 4,070 नए संक्रमितों की पहचान हुई। 4,345 मरीज ठीक हुए और 15 संक्रमितों ने जान गंवाई। यहां अब तक 10 लाख 34 हजार 658 लोग संक्रमित हुए हैं। इनमें से 9 लाख 71 हजार 975 मरीज ठीक हो चुके हैं। 4,090 ने जान गंवाई है, जबकि 58,316 का इलाज चल रहा है।
3. मध्यप्रदेश
यहां रविवार को 299 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। 238 मरीज ठीक हुए और चार की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 59 हजार 427 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2 लाख 53 हजार 522 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 3,854 मरीजों की मौत हो गई। 2,051 मरीजों का अभी इलाज चल रहा है।
4. गुजरात
यहां रविवार को 283 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 264 लोग ठीक हुए और एक की मौत हुई। अब तक 2 लाख 67 हजार 104 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इनमें 2 लाख 61 हजार 9 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4405 मरीजों की मौत हो चुकी है। 1,690 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
5. राजस्थान
राज्य में रविवार को 82 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 137 लोग ठीक हुए। अब तक 3 लाख 19 हजार 543 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3 लाख 15 हजार 513 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 2,785 मरीजों की मौत हुई है। 1,245 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
6. दिल्ली
यहां रविवार को 145 नए मरीज मिले और 97 ठीक हुए। दो की मौत भी हुई। यहां अब तक 6 लाख 37 हजार 900 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 6 लाख 25 हजार 929 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10 हजार 900 मरीजों की मौत हो गई। 1071 का इलाज चल रहा है।
Khabreelal News App: देश-दुनिया की खबरें, आपके शहर का हाल, एजुकेशन और बिज़नेस अपडेट्स, फिल्म और खेल की दुनिया की हलचल, वायरल न्यूज़ और धर्म-कर्म… हमारी कम्युनिटी ज्वाइन करे, पाएँ हिंदी की ताज़ा खबरें
