उत्तर प्रदेश में 'मेहरबान' मानसून: तय समय से 7 दिन पहले हुई एंट्री, 39 जिलों में 'ऑरेंज' और 'येलो' अलर्ट!
प्रचंड गर्मी से मिली राहत, सोनभद्र से आया मॉनसून; अगले 4 दिन झमाझम बारिश और गरज-चमक की चेतावनी
Jun 19, 2025, 14:00 IST
|

लखनऊ, उत्तर प्रदेश – पूरे देश की तरह उत्तर प्रदेश में भी इस बार मानसून ने अपनी तय तारीख से करीब एक हफ्ता पहले ही धमाकेदार एंट्री कर ली है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली है। अमूमन 25 से 29 जून के बीच यूपी पहुंचने वाला मानसून, इस बार 18 जून को ही सोनभद्र जिले के रास्ते प्रदेश में दाखिल हो गया है। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है।READ ALSO:- उत्तर प्रदेश में बढ़ रहे कोरोना के मामले: 24 घंटे में 19 नए केस, लखनऊ में 6 संक्रमित मिले
तापमान गिरा, बारिश का दौर शुरू
मौसम वैज्ञानिक डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि मानसून के दस्तक देते ही प्रदेश भर में अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे आ गया है। अगले 2-3 दिनों में तापमान में और गिरावट आने की उम्मीद है, क्योंकि अब झमाझम बारिश का दौर शुरू होगा। अगले 4 दिनों तक उत्तर प्रदेश के 39 जिलों में जोरदार बारिश होने की संभावना है।
19 से 22 जून तक 'ऑरेंज अलर्ट': गरज-चमक और तेज हवाएं
आने वाले दो-तीन दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इसी को देखते हुए, मौसम विभाग ने 19 से 22 जून तक प्रदेश में मेघगर्जन, वज्रपात (बिजली गिरने) और कहीं-कहीं बहुत भारी वर्षा की संभावना के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
यूपी के जिलों के लिए बारिश का अलर्ट:
-
ऑरेंज अलर्ट (भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना): चित्रकूट, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, संत रविदास नगर, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच।
-
येलो अलर्ट (भारी बारिश की संभावना): बांदा, कौशाम्बी, फतेहपुर, प्रतापगढ़, वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, हमीरपुर, महोबा।
लखनऊ और अन्य शहरों का हाल
लखनऊ में बुधवार को दिनभर बादलों की आवाजाही रही और कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार को लखनऊ में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
बुधवार को उरई प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं, हरदोई सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
डॉ. अतुल सिंह ने बताया कि मानसून के आने से अब तापमान में लगातार गिरावट आएगी और अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में जोरदार बारिश देखने को मिलेगी।
