हाथरस : बागला कॉलेज का हैवान प्रॉक्टर, 6 साल से छात्राओं का यौन शोषण, जबरन खिलाता था गर्भनिरोधक दवाएं,अश्लील वीडियो से करता था ब्लैकमेल
प्रैक्टिकल में फेल करने की धमकी देकर करता था दुष्कर्म, पीड़िता छात्राओं से ही सहेलियों को बुलाकर बनाता था शिकार।
Mar 23, 2025, 16:47 IST
|

हाथरस: हाथरस के बागला डिग्री कॉलेज के चीफ प्रॉक्टर रजनीश कुमार की गिरफ्तारी के बाद सनसनीखेज खुलासे हो रहे हैं। हाथरस पुलिस की जांच में पता चला है कि कॉलेज का यह जिम्मेदार व्यक्ति पिछले छह वर्षों से छात्राओं का यौन शोषण कर रहा था।READ ALSO:-मेरठ :रोहटा में कावड़ मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, दो कैंटरों में आग, चार घायल
आरोपी रजनीश कुमार छात्राओं के अश्लील वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करता था और प्रैक्टिकल परीक्षा में फेल करने की धमकी देकर उनका यौन शोषण करता था। पुलिस के मुताबिक, हैवान प्रॉक्टर पीड़ित छात्राओं पर दबाव डालकर उनकी सहेलियों को भी अपने हवस का शिकार बनाता था। वह पीड़ित छात्राओं के जरिए उनकी सहेलियों को बुलाता था और उनका यौन शोषण करता था।
पीड़िताओं ने यह भी आरोप लगाया है कि रजनीश कुमार दुष्कर्म के बाद उन्हें जबरन गर्भनिरोधक दवा भी खिलाता था और कई बार उन्हें जबरदस्ती घुमाने के लिए भी ले जाता था। पुलिस ने अब तक इस मामले में यौन शोषण की शिकार 6 छात्राओं को चिह्नित कर लिया था।
शनिवार को पुलिस जब इन 6 पीड़ित छात्राओं के बयान दर्ज कर रही थी, तभी एक और छात्रा ने चीफ प्रॉक्टर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने रजनीश कुमार के खिलाफ एक और एफआईआर दर्ज कर ली। इस प्रकार अब तक आरोपी के खिलाफ तीन मुकदमे दर्ज हो चुके हैं। पुलिस का कहना है कि जब जांच शुरू हुई थी, तो पीड़ित छात्राएं सामने आने से डर रही थीं।
हालांकि, अब जब जांच आगे बढ़ रही है, तो अन्य पीड़ित छात्राएं भी रजनीश कुमार की करतूतों के बारे में बता रही हैं। पुलिस ने रजनीश कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और अब उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। पीड़ित छात्राओं ने यह भी बताया कि चीफ प्रॉक्टर उन्हें नौकरी का लालच देकर भी यौन शोषण करता था। रजनीश कुमार हमेशा अपने साथ दवा रखता था और दुष्कर्म के बाद जबरन छात्राओं को खिला देता था। इस घटना से कॉलेज और शहर में सनसनी फैल गई है।
