पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा ने लड़कियों की शादी की उम्र बढ़ाकर 21 साल किए जाने के सीएम शिवराज सिंह चौहान के बयान पर बेतुका बयान दिया है। वर्मा ने कहा कि लड़कियों में 15 साल की उम्र में बच्चे पैदा करने की क्षमता हो जाती है, इसलिए इसे नहीं बढ़ाया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा लड़कियों की शादी की उम्र 21 साल किए जाने की बात पर वर्मा ने कहा है कि जब लड़कियां 15 साल में प्रजनन लायक हो जाती हैं तो शादी की उम्र 21 साल करने की क्या जरूरत है। जब लड़कियों की शादी की उम्र पहले से 18 साल तय है तो इसमें बदलाव की क्या जरूरत है। वर्मा का बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
प्रेस वार्ता में दिया बयान
सज्जन सिंह वर्मा ने बुधवार को राजधानी भोपाल में मीडिया से चर्चा करते हुए यह बयान दिया। उन्होंने कहा कि डॉक्टरों के अनुसार लड़कियों में 15 साल की उम्र में बच्चे पैदा करने की क्षमता हो जाती है। इसलिए उनकी शादी की उम्र में बदलाव करने की कोई जरूरत नहीं है।
इससे पहले सोमवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने एक कार्यक्रम में लड़कियों की शादी की उम्र को लेकर बहस की जरूरत बताई थी। उन्होंने इसे 18 से बढ़ाकर 21 साल किए जाने की बात कही थी।
चौहान ने कहा था कि कई बार मुझे लगता है कि समाज में बहस होनी चाहिए कि बेटियों की शादी की उम्र 18 रहनी चाहिए या इसे बढ़ाकर 21 साल कर देना चाहिये। मैं इसे बहस का विषय बनाना चाहता हूं। प्रदेश सोचे, देश सोचे ताकि इस पर कोई फैसला किया जा सके।
Khabreelal News App: देश-दुनिया की खबरें, आपके शहर का हाल, एजुकेशन और बिज़नेस अपडेट्स, फिल्म और खेल की दुनिया की हलचल, वायरल न्यूज़ और धर्म-कर्म… हमारी कम्युनिटी ज्वाइन करे, पाएँ हिंदी की ताज़ा खबरें।
