फ्रांस में भारत के राजदूत राह चुके एक रिटायर्ड IFS अधिकारी ने बुधवार को खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना साउथ दिल्ली की डिफेंस कॉलोनी की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान 81 वर्षीय रंजीत सेठी के तौर पर हुई। पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला, जिसमें बीमारी से परेशान होने का जिक्र है। लिखा है कि अब जीना नहीं चाहता।
पुलिस के मुताबिक, पॉश डिफेंस कॉलोनी इलाके में रिटायर्ड IFS अधिकारी रंजीत सेठी रहते थे। बुधवार सुबह 7:25 मिनट पर पुलिस को बताया गया कि बुजुर्ग ने खुद को गोली मार ली है। वह अभी जिंदा है और उन्हें एम्बुलेंस की जरूरत है। इसके बाद पुलिस उन्हें अचेत हालत में मूलचंद हॉस्पिटल ले गई, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस को जांच के दौरान पता चला रंजीत सेठी बीमार थे, वह मंगलवार को ही बीएल हॉस्पिटल से डिस्चार्ज होकर घर लौटे थे। इन्होंने अपने कमरे को खुद को गोली मारी थी। रंजीत सेठी जिस घर की पहली मंजिल पर रहते थे, उसी घर के ग्रांउड फ्लोर पर कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य प्रमोद तिवारी रहते हैं।
इनके घर के आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि वे इन दिनों बीमार चल रहे थे, जिस वजह से ज्यादा लोगों से बात नहीं करते थे। वह 1963 बैच के IFS अधिकारी थे। बताया गया है बुजुर्ग रंजीत फ्रांस में भारत के एम्बेसडर भी रह चुके हैं। पुलिस ने इस केस में पिस्टल को जब्त कर लिया है। रंजीत के परिवार में दो बेटे और पत्नी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।