फिर डरा रहा कोरोना, 5 जिलों में लगा लॉकडाउन, अन्य जगहों पर भी पाबंदियों का दौर शुरू

 | 

देश में एक बार फिर से कोरोना मरीजों के आंकड़े परेशान करने वाले आ रहे हैं। सबसे ज्यादा महाराष्ट्र, कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, पुडुचेरी, त्रिपुरा और चंडीगढ़ में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। केरल में पिछले तीन दिनों से हालात में सुधार हुआ है।

फिर डरा रहा कोरोना, 5 जिलों में लगा लॉकडाउन, अन्य जगहों पर भी पाबंदियों का दौर शुरू

उधर, मरीजों की संख्या बढ़ता देख महाराष्ट्र सरकार ने एक बार फिर से राज्य के कई शहरों में सख्ती शुरू कर दी है। कोरोना के बढ़ते हुए खतरे को देखते हुए प्रशासन ने सख्त पाबंदियां लगा दी हैं। अमरावती डिविजनल कलेक्टर ने अमरावती, अकोला, बुलढाना, वाशिम और यवतमाल जिले में 1 मार्च तक लॉकडाउन घोषित कर दिया है। इस दौरान सभी स्कूल - कॉलेज बंद रहेंगे। दुकानें सुबह 9 से शाम 5 बजे तक ही खुलेंगी। निजी दफ्तरों में 15 फीसदी कर्मचारी ही काम कर सकेंगे। मंदिरों में एक बार में 10 फीसदी श्रद्धालु ही दर्शन कर सकेंगे।

वहीं, पुणे जिला प्रशासन ने भी नाइट कर्फ्यू लगा दिया है। यहां रात 11 से सुबह 6 बजे तक लोगों को घरों से निकलने पर रोक लग गई है। केवल इमरजेंसी में निकलने की इजाजत होगी। स्कूल-कॉलेज भी 28 फरवरी तक बंद कर दिए गए हैं। पुणे के बाद अब नागपुर, यवतमाल और मुंबई में भी नाइट कर्फ्यू लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य के मंत्री विजय वेड्‌डेटीवार ने भी इसकी पुष्टि की। उन्होंने कहा कि आज मुख्यमंत्री से बैठक में इस पर फैसला हो जाएगा।

टॉप-15 संक्रमित देशों में फिर शामिल हुआ भारत
देश एक बार फिर दुनिया के उन 15 देशों की सूची में शामिल हो गया है, जहां कोरोना के सबसे ज्यादा एक्टिव केस हैं। मतलब ऐसे मरीज जिनका इलाज चल रहा है, बाकी या तो ठीक हो चुके हैं या फिर उनकी मौत हो गई है।

भारत इस सूची में 15वें नंबर पर आ गया है। 30 जनवरी को पुर्तगाल, इंडोनेशिया और आयरलैंड को पीछे छोड़ते हुए 17वें नंबर पर पहुंच गया था। तब उम्मीद थी कि जल्द ही दुनिया के टॉप-20 संक्रमित देशों की सूची से भी बाहर हो सकता है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में एक्टिव केस फिर से बढ़ने लगे। इसकी वजह से भारत अब फिर दुनिया के सबसे संक्रमित देशों में शामिल हो गया।

अब तक 1.09 करोड़ केस
शनिवार को देश में 13 हजार 919 नए मरीज मिले। 11 हजार 412 लोग ठीक हुए और 89 की मौत हो गई। इस तरह से ओवरऑल एक्टिव केस में 2486 की बढ़ोतरी दर्ज हुई। 9 राज्य और केंद्र शासित राज्य ऐसे रहे जहां, ठीक होने वाले मरीजों से ज्यादा नए मरीजों की संख्या बढ़ी है। इनमें महाराष्ट्र, कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश, हरियाणा, पंजाब, पुडुचेरी, त्रिपुरा और चंडीगढ़ शामिल हैं। देश में अब तक 1 करोड़ 9 लाख 91 हजार से ज्यादा लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 1 करोड़ 6 लाख से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 1 लाख 56 हजार 339 मरीजों की मौत हो गई। अभी 1 लाख 42 हजार 691 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

देश दुनिया के साथ ही अपने शहर की ताजा खबरें अब पाएं अपने WHATSAPP पर, क्लिक करें। Khabreelal के Facebookपेज से जुड़ें, Twitter पर फॉलो करें। इसके साथ ही आप खबरीलाल को Google News पर भी फॉलो कर अपडेट प्राप्त कर सकते है। हमारे Telegram चैनल को ज्वाइन कर भी आप खबरें अपने मोबाइल में प्राप्त कर सकते है।