महाराष्ट्र के पालघर में दो साधुओं की मॉब लिंचिंग के बाद अब उत्तर प्रदेश में साधुओं की हत्या की का मामला सामने आया है। बुलंदशहर के अनूपशहर के पगोना गांव में दो साधुओं की मंदिर परिसर में सोते वक्त धारदार हथियार से हमला करके हत्या कर दी गई। वारदात में गांव के ही एक युवक का नाम सामने आया है। पुलिस हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है।
पुलिस का दावा है कि हिरासत में लिया गया आरोपी मुरारी भांग के नशे का आदी है। आरोप है कि मुरारी ने दो दिन पहले साधुओं का चिमटा चुरा लिया था। इसी बात को लेकर साधुओं और आरोपी मुरारी के बीच कहासुनी हुई थी। इस दौरान आरोपी मुरारी ने दोनों साधुओं को अंजाम भुगत लेने की धमकी भी दी थी।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी अभी नशे की हालत में है। दोनों संतो के शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। घटनास्थल की फोरेंसिकजांच भी कराई गई।
10 दिन पहले महाराष्ट्र में साधुओं की पीटकर हत्या की गई थी
इससे पहले महाराष्ट्र के पालघर में 16-17 अप्रैल की दरमियानी रात दो साधुओं और उनके ड्राइवर की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। ग्रामीणों ने चोर के शक में तीनों की पिटाई की थी।मौके पर पुलिसकर्मी भी बेबस नजर आएथे। मामले में 100 से अधिक लोग गिरफ्तार किए गए हैं।
प्रियंका ने घेरा
बुलंदशहर में दो साधुओं की हत्या पर प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश सरकार से निष्पक्ष जांच करके सच सामने लाने की मांग की। प्रियंका ने कहा कि यह समय राजनीति करने का नहीं है। कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को ट्वीट कर कहा है कि पहले 15 दिनों में ही उप्र में सौ लोगों की हत्या हो गई। तीन दिन पहले एटा में पचौरी परिवार के 5 लोगों के शव संदिग्ध परिस्थितियों में पाए गए। कोई नहीं जानता उनके साथ क्या हुआ।
उन्होंने कहा कि आज बुलंदशहर में एक मंदिर में सो रहे दो साधुओं को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया। ऐसे जघन्य अपराधों की गहराई से जांच होनी चाहिए और इस समय किसी को भी इस मामले का राजनीतिकरण नहीं करना चाहिए। निष्पक्ष जांच करके पूरा सच प्रदेश के समक्ष लाना चाहिए। यह सरकार की ज़िम्मेदारी है।
सीएम आदित्यनाथ ने लिया संज्ञान
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना को संज्ञान में लेते हुए डीएम, एसएसपी व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर इस वारदात के संबंध में विस्तृत आख्या देने व दोषियों के विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने निर्देश दिए हैं।
