मेरठ : नर्स को अगवा कर गैंगरेप, टेंपो में महिला ने गजक खिलाकर किया बेहोश, फिर घर ले जाकर 3 युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म, 4 लोगों पर मुकदमा दर्ज
मेरठ में एक अस्पताल की नर्स को तीन युवकों और एक महिला ने टेंपो में अगवा कर लिया। आरोपियों में से एक ने उसे गजक खिलाई। इससे नर्स बेहोश हो गई। तीनों युवक बेहोशी की हालत में नर्स को एक घर में ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया।
Dec 20, 2024, 14:48 IST
|
मेरठ में निजी अस्पताल में कार्यरत नर्स ने एक महिला समेत 4 लोगों पर अपहरण और गैंगरेप का गंभीर आरोप लगाया है। आरोपियों में 2 सगे भाई भी शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। READ ALSO:-मेरठ: पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा के दौरान मची भगदड़, भीड़ बेकाबू होने से महिलाएं और बुजुर्ग दब गए, एक लाख लोग पहुंचे थे; कई के घायल होने की खबर
मेरठ के एक निजी अस्पताल में कार्यरत नर्स ने आरोप लगाया है कि वह अस्पताल से घर जाने के लिए तेजगढ़ी चौराहे से एक टेंपो में सवार हुई। टेंपो में एक महिला भी बैठी थी। बातचीत के दौरान महिला ने उसे गजक ऑफर की। उसने पहले कई बार मना किया, लेकिन जब महिला ने दोबारा ऑफर किया तो वह मना नहीं कर सकी। गजक खाते ही वह बेहोश हो गई।
इसके बाद वह लोग उसे अलीपुर ले गए। यहां एक घर में उसके साथ गैंगरेप किया गया। वहां जब उसे होश आया तो उसे मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी दी गई। किसी तरह वहां से निकलकर वह अपने घर पहुंची और आपबीती बताई। जिसके बाद वह लोहियानगर थाने पहुंची।
सीओ कोतवाली आशुतोष कुमार ने बताया कि नर्स कुछ लोगों के साथ आई थी। उसकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एक महिला समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला और दो युवकों को हिरासत में ले लिया गया है। एक युवक ने बताया कि नर्स ने पहले भी उस पर मारपीट का आरोप लगाया था। पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया है। गौरतलब है कि आरोपियों में दो सगे भाई हैं। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।