मेरठ: जयभीमनगर की फेन बॉक्स फैक्ट्री में सिलेंडर ब्लास्ट से लगी आग, चार मजदूर झुलसे,दो की हालत गंभीर, धमाके की आवाज से इलाके में मचा हड़कंप;
फेन बॉक्स बनाने वाली इकाई में लगी भीषण आग, दो की हालत गंभीर; फायर ब्रिगेड ने आधे घंटे में पाया काबू
Apr 21, 2025, 18:08 IST
|

मेरठ: जिले के जयभीमनगर इलाके में आज दोपहर फेन बॉक्स बनाने वाली एक फैक्ट्री में हुए भीषण अग्निकांड में चार मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। बताया जा रहा है कि आग लगने का कारण सिलेंडर फटना था। झुलसे हुए मजदूरों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ दो की हालत चिंताजनक बनी हुई है।READ ALSO:-मेरठ नगर निगम में पास हुआ 'एक राष्ट्र, एक चुनाव' का प्रस्ताव, जय श्रीराम के नारों से गूंजा सभागार, विपक्षी पार्षदों में हुई धक्का-मुक्की
यह घटना सोमवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे हुई। फैक्ट्री के अंदर उस वक्त पांच मजदूर काम कर रहे थे। अचानक हुए सिलेंडर ब्लास्ट के साथ ही फैक्ट्री से घना धुआँ और आग की तेज लपटें उठने लगीं, जिसे देख मजदूर जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे। इनमें से एक मजदूर सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहा, जबकि चार मजदूर अंदर ही फँस गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियाँ तत्काल मौके पर पहुँचीं और बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय लोगों की मदद से फायर ब्रिगेड की टीम ने अंदर फँसे चारों मजदूरों को बाहर निकाला। उनकी पहचान कुलदीप, जुनैद, सीता और कश्मीरी के तौर पर हुई है। आग की चपेट में आने से वे बुरी तरह झुलस गए थे और उनके कपड़े भी फटे हुए थे। उन्हें फौरन एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनका इलाज जारी है। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, झुलसे हुए चार मजदूरों में से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। फायर ब्रिगेड की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया।
घटना के एक प्रत्यक्षदर्शी, राहुल ने बताया कि वे दोपहर में अपने घर में सो रहे थे तभी अचानक एक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। धमाके की आवाज सुनकर उनकी नींद खुल गई। बाहर आकर देखा तो थोड़ी ही दूरी पर स्थित फेन बॉक्स बनाने वाली फैक्ट्री से आग की ऊँची-ऊँची लपटें निकल रही थीं और चारों तरफ घना धुआँ छाया हुआ था। धुआँ और आग देखकर आसपास के लोग भी अपने घरों से बाहर निकल आए। फैक्ट्री के अंदर से मजदूरों के रोने और चीखने की आवाजें आ रही थीं। लोगों ने तुरंत एकजुट होकर मदद के प्रयास किए और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
