उत्तर प्रदेश में गर्मी का प्रकोप शुरू: मेरठ से लेकर नोएडा तक अप्रैल में ही जून जैसी गर्मी, मौसम विभाग का अलर्ट
अप्रैल की शुरुआत में ही जून-जुलाई जैसी गर्मी, तापमान में लगातार वृद्धि की संभावना।
Apr 1, 2025, 15:43 IST
|

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में गर्मी का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि आने वाले दिनों में प्रदेश में गर्मी और तेज होगी। अप्रैल महीने की शुरुआत ही भीषण गर्मी के साथ हुई है, जिससे लोगों को अभी से जून और जुलाई जैसी तपिश का एहसास हो रहा है। राजधानी लखनऊ में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।READ ALSO:-उत्तर प्रदेश रोडवेज का बढ़ता निजीकरण: डिपो इंचार्ज भी अब प्राइवेट हाथों में
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, उत्तर प्रदेश में अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने वाला है। 1 अप्रैल से लेकर 5 अप्रैल तक प्रदेश में आसमान साफ रहेगा और इस दौरान लोगों को गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने इस अवधि में तेज हवा या बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी इलाकों में मौसम गर्म रहने की संभावना है, जिसका असर लखनऊ, वाराणसी, मेरठ, नोएडा, बस्ती और संभल जैसे प्रमुख शहरों में स्पष्ट रूप से देखने को मिलेगा।
प्रदेश के तापमान का हाल:
मौसम के बदलाव से प्रदेश के कुछ इलाकों में न्यूनतम तापमान 20°C के ऊपर दर्ज किया गया है।
-
लखीमपुर खीरी में 21°C न्यूनतम तापमान,
-
कानपुर ग्रामीण में 20°C,
-
वाराणसी में 18.3°C,
-
फतेहपुर में 17.6°C,
-
झांसी में 18°C,
-
बरेली में 14.3°C और
-
नजीबाबाद में 13°C न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है।
इसी तरह, अधिकतम तापमान भी कई शहरों में उच्च दर्ज किया गया है:
-
बुलंदशहर में 33°C,
-
अलीगढ़ में 35.4°C,
-
आगरा में 36.6°C,
-
मेरठ में 34.2°C,
-
हमीरपुर में 37.2°C,
-
बस्ती में 37°C,
-
गाजीपुर में 38°C,
-
सुल्तानपुर में 37.6°C अधिकतम तापमान दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान में यह भी बताया गया है कि अप्रैल से जून के महीनों के दौरान उत्तर प्रदेश समेत देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक अधिकतम और न्यूनतम तापमान रहने की संभावना है। इतना ही नहीं, अधिकतर क्षेत्रों में सामान्य से ज्यादा हीटवेव (लू) चलने की भी आशंका है। अप्रैल के महीने में उत्तर-पश्चिम और उत्तर-पूर्व भारत के कुछ इलाकों को छोड़कर, देश के ज्यादातर हिस्सों में सामान्य या सामान्य से अधिक न्यूनतम तापमान रहने की उम्मीद है। इससे दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म रहेंगी, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।
