मेरठ में अगले पांच दिन भीषण गर्मी का अलर्ट, पारा 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना
वेस्ट यूपी में गर्मी ने अपना कहर बरपाना शुरू कर दिया है। मेरठ समेत आसपास के जिलों में अगले पांच दिनों तक भीषण गर्मी और लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दिन और रात दोनों का तापमान लगातार बढ़ेगा, जिससे गर्मी की तीव्रता में भारी इज़ाफा होगा।
Apr 23, 2025, 09:59 IST
|

मेरठ: जिले में अगले पांच दिनों तक भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों ने लू चलने की संभावना जताते हुए दिन और रात दोनों के तापमान में महत्वपूर्ण वृद्धि की चेतावनी जारी की है। आशंका जताई जा रही है कि इस दौरान मेरठ का अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।READ ALSO:-
सरदार पटेल कृषि विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. यूपी शाही ने बताया कि मंगलवार को मौसम कार्यालय में दिन का अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान अधिकतम आद्रता 35 प्रतिशत और न्यूनतम 12 प्रतिशत रही। दिन में हवा की गति कम होने के कारण गर्मी का असर ज़्यादा महसूस किया गया, जिसका प्रभाव रात के तापमान पर भी दिखाई दिया।
डॉ. शाही के अनुसार, अगले पांच दिनों यानी 27 अप्रैल तक पश्चिम उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा। इस अवधि के दौरान तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है। गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, बुलंदशहर, अलीगढ़ सहित मेरठ और आसपास के कई जिलों में लू (हीट वेव) चलने की प्रबल संभावना है, जिसके चलते तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। मौसम विभाग ने गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।
रात में भी नहीं मिलेगी राहत
गर्मी सिर्फ दिन में ही नहीं, रात में भी तापमान सामान्य से अधिक बना रहेगा, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पाएगी। लगातार बढ़ते तापमान से बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
बचाव के उपाय:
-
दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप में निकलने से बचें
-
हल्के रंग के और ढीले कपड़े पहनें
-
शरीर को हाइड्रेट रखें – पानी, नींबू पानी, छाछ आदि का सेवन करें
-
बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें
