गाजियाबाद NH9 हाईवे पर बड़ा दर्दनाक हादसा, तेज रफ्तार वाहन ने पैदल यात्रियों को कुचला, तीन की हुई मौत
गाजियाबाद एनएच 9 हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। दरअसल, क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में शादी से लौट रहे चार लोगों को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया।
Dec 11, 2024, 14:49 IST
|
गाजियाबाद एनएच 9 हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। दरअसल, क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में शादी से लौट रहे चार लोगों को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। READ ALSO:-मेरठ : मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन सुनील पाल ने खुद रची थी अपने अपहरण की साजिश? अपहरणकर्ता से उनकी बातचीत का ऑडियो आया सामने
यह हादसा पैदल एनएच-9 पार करते समय हुआ, जिसमें 3 लोगों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा मंगलवार रात क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र के भारत पेट्रोल पंप के सामने सड़क पर हुआ। बताया जाता है कि एक परिवार मुरादाबाद से शादी से लौट रहा था और तेज रफ्तार में हाईवे पार कर रहा था।
पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार वाहनों के बीच सड़क पार करना उनके लिए जानलेवा साबित हुआ। अज्ञात वाहन ने सभी को कुचल दिया। इसमें गौतमबुद्ध नगर दादरी के ब्रह्मपुरी निवासी पवन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। अन्य घायलों में तीन महिलाएं शामिल हैं, जिनमें से दो ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।
वेव सिटी एसीपी लिपि नगाइच ने भी हादसे की यही जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि विजय नगर की माता कॉलोनी निवासी सुनीता और नेहा की भी हादसे में मौत हो गई। वहीं पालमपुर की श्वेता की हालत भी गंभीर है। वह दिल्ली में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है। सीसीटीवी की मदद से गाड़ी नंबर और उसके मालिक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।