बिजनौर के धामपुर में पशुशाला में भीषण आग, पांच पशु झुलसे, दो ट्रैक्टर जलकर राख, लाखों हुआ नुक्सान
हुसैनपुर गांव में देर रात अज्ञात कारणों से लगी आग, पशु स्वामी को 11-12 लाख का नुकसान।
Apr 1, 2025, 14:17 IST
|

बिजनौर जिला प्रभारी अनिल कुमार शर्मा खबरी लाल मीडिया। बिजनौर: जनपद बिजनौर के धामपुर क्षेत्र के हुसैनपुर गांव में बीती रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां एक पशुशाला में अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। यह पशुशाला गांव के निवासी अशोक कुमार की थी।READ ALSO:-1 अप्रैल से आपकी जिंदगी में बड़े बदलाव: टैक्स, गाड़ियां, पेंशन और बैंक नियमों में हुआ फेरबदल
जानकारी के अनुसार, आग की घटना सोमवार रात करीब 11 बजे हुई। अचानक अशोक कुमार की पशुशाला से आग की लपटें और धुंआ उठता देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि, आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी पशुशाला उसकी चपेट में आ गई।
इस दुखद हादसे में अशोक कुमार के पांच पशु बुरी तरह से झुलस गए हैं, जिससे उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। इसके अलावा, पशुशाला में खड़े उनके दो ट्रैक्टर भी आग में पूरी तरह से जलकर राख हो गए। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों ट्रैक्टरों का ढांचा भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है।
देर रात आग लगने की इस घटना से पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग अपने घरों से निकलकर घटनास्थल की ओर दौड़े और आग बुझाने में मदद करने की कोशिश की। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
पशुशाला के मालिक अशोक कुमार इस घटना से गहरे सदमे में हैं। उनका रो-रो कर बुरा हाल है। उन्होंने बताया कि इस अग्निकांड में उन्हें लगभग 11 से 12 लाख रुपए का भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने तुरंत स्थानीय लेखपाल को इस घटना की सूचना दे दी है, ताकि नुकसान का सही आकलन किया जा सके और उन्हें सरकारी सहायता मिल सके।
फिलहाल,आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। इस घटना ने गांव में शोक का माहौल पैदा कर दिया है, और लोग पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।
